/नालागढ़ के खेड़ा में पेट्रोलियम डिपो के तेल टैंकर में लगी आग।

नालागढ़ के खेड़ा में पेट्रोलियम डिपो के तेल टैंकर में लगी आग।

करीब 10 लाख का नुकसान बड़ा हादसा टला।

नालागढ़ 9 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

नालागढ़ के खेड़ा क्षेत्र में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो के खड़े एक तेल टैंकर में आज सोमवार सुबह अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

नालागढ़ फायर ऑफिसर जय पाल ठाकुर ने बताया कि राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी लोकेश सिंह का टैंकर (नंबर HP-34/6373) खेड़ा स्थित पेट्रोलियम डिपो में ठेके पर लगाया गया है। सोमवार प्रातः टैंकर में अचानक आग लग गई।

आग की चपेट में आने से टैंकर के चारों टायर और केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि इंजन को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

फायर ऑफिसर ने बताया कि टैंकर एक निजी परिसर (प्राइवेट प्रिमाइसेज) में खड़ा था। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास खड़े अन्य वाहनों और संपत्तियों को नुकसान होने से बचाया जा सका।

गौरतलब है कि खेड़ा क्षेत्र में पेट्रोलियम स्टोरेज और तेल टैंकरों की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोग पहले भी सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई जाती रही हैं।पहले भी टैंकर आग की भेंट चढ़ चुके है।

ताजा घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं तथा आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।