सोलन, 9 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
जिला सोलन पुलिस द्वारा नशा तस्करी के अवैध कारोबार में संलिप्त आदतन अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई है। चिट्टा (हेरोइन) तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधी अनुज कुमार दुग्गल (41 वर्ष) निवासी रावली, वाकनाघाट, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन को PIT NDPS Act, 1988 के प्रावधानों के अंतर्गत तीन माह की निवारक हिरासत (Preventive Detention) में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पुलिस मुख्यालय के माध्यम से प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए सक्षम प्राधिकारी ने आरोपी को तीन माह तक जिला कारागार में निवारक हिरासत में रखने के आदेश जारी किए। आदेशों के अनुपालन में पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने 9 जून 2026 को आरोपी को विधिवत हिरासत में लेकर जिला कारागार सोलन भेज दिया।
जिला पुलिस के अनुसार अनुज कुमार दुग्गल लंबे समय से चिट्टा/हेरोइन की तस्करी में सक्रिय था। वह वाकनाघाट क्षेत्र में स्थित विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों तथा स्थानीय युवाओं को नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने के कार्य में संलिप्त रहा है।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आदतन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 16 आदतन अपराधियों के विरुद्ध धारा 3(1), PIT NDPS Act, 1988 के तहत कार्रवाई कर उन्हें निवारक हिरासत में भेजा जा चुका है।
जिला पुलिस सोलन ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त आदतन तस्करों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है।










