सोलन, 16 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के उपायुक्त मनमोहन शर्मा को देश की प्रतिष्ठित पत्रिका फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के वार्षिक सर्वेक्षण ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ में देश के शीर्ष 25 जिलाधिकारियों में स्थान मिला है।
यह उपलब्धि न केवल सोलन बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी मनमोहन शर्मा को सर्वेक्षण में ‘कर्तव्यनिष्ठ’ श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चुना गया। उनका चयन प्रशासनिक क्षमता, प्रभावी गवर्नेंस, नवाचार, जवाबदेही, त्वरित निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन, जनसंवाद और विकासोन्मुख सोच सहित 10 प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया।

सोलन के उपायुक्त के रूप में उन्होंने जन शिकायतों के त्वरित निपटारे, राजस्व प्रशासन को मजबूत करने, अतिक्रमण हटाने, सरकारी भूमि की सुरक्षा तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
कालका-शिमला फोरलेन परियोजना से प्रभावित लोगों के पुनर्वास एवं मुआवजा मामलों के समाधान में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने ‘अपना विद्यालय’ कार्यक्रम के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठों को गोद लेकर वहां शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं के विकास को बढ़ावा दिया। वहीं वर्ष 2023 की प्राकृतिक आपदा के बाद पुनर्वास एवं आपदा-प्रतिरोधी विकास के लिए नालागढ़ क्षेत्र में ‘मॉडल रेजिलिएंट विलेज’ परियोजना को आगे बढ़ाया।
मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है।
मुख्यमंत्री के ‘नशा मुक्त हिमाचल’ अभियान के अंतर्गत सोलन जिले में एंटी-चिट्टा अभियान को गति देने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मनमोहन शर्मा की यह उपलब्धि जनकेंद्रित प्रशासन, पारदर्शी कार्यशैली और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण मानी जा रही है।










