शिमला, 19 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में रिज मैदान पर लोगों के प्रति अभद्र व्यवहार और अशोभनीय इशारे करते दिखाई दे रहे एक विदेशी नागरिक के खिलाफ शिमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस द्वारा वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित व्यक्ति की पहचान जोषुआ क्रिश्चियन (Joshua Christian), निवासी 215 E 65, न्यूयॉर्क, NY-10065, संयुक्त राज्य अमेरिका के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 114 के तहत सार्वजनिक उपद्रव एवं अशोभनीय आचरण करने के आरोप में गिरफ्तार किया।

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सौहार्द और सामाजिक मर्यादा बनाए रखना सभी नागरिकों एवं पर्यटकों की जिम्मेदारी है।
पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने अथवा अनुचित व्यवहार करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर जिम्मेदार एवं सभ्य व्यवहार अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।










