बद्दी, 23 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत पुलिस थाना नालागढ़ एवं पुलिस थाना मानपुरा द्वारा अलग-अलग स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस थाना नालागढ़ की ओर से ग्राम पंचायत बैरछा और ग्राम पंचायत खिल्लियां में नशा निवारण समिति की बैठकें आयोजित की गईं। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, समिति सदस्यों और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

साथ ही समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया। लोगों से युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने तथा नशे से संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस के साथ साझा करने का आग्रह किया गया।
इसी क्रम में पुलिस थाना मानपुरा द्वारा बी.एड. कॉलेज किशनपुरा में नशा विरोधी जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को ‘चिट्टा’ सहित विभिन्न मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अपने साथियों को भी जागरूक करने तथा नशे के सेवन या अवैध कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस जिला बद्दी ने आमजन से नशा विरोधी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज और पुलिस की साझी भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।









