नालागढ़ (रामशहर)28 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
सोलन जिले के बदोखरी से दिग्गल तक लगभग 6 किलोमीटर लंबा सड़क मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में बताया जा रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और खराब हालात के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह सड़क तीन ग्राम पंचायतों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी मार्ग से दो निगम की बसें तथा एक निजी बस सेवा भी संचालित होती है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक सड़क की हालत सुधारने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति के लिए विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की है।

ग्रामीणों सचिन, यशवंत, सुनील, हेमराज, नीरज कुमार, शेर सिंह, हर्ष, धनी, आकाश, सागर, अंकू राम, संजीव, विक्रम, कमल, हरिराम, जैन, मुनीश, खान, शंकर, चमन, सुभाष, सरोज, चंपा, नीलम, कुंता, डिंपल, मीणा, निशा और लज्जा सहित अन्य लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा क्षेत्रीय विधायक संजय अवस्थी से मांग की है कि बदोखरी–दिग्गल सड़क मार्ग की शीघ्र मरम्मत करवाई जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।








