सोलन, 29 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
राष्ट्रीय सांख्यिकीय दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला स्तर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संख्या अधिकारी अश्वनी कुमार ने की।
इस अवसर पर अश्वनी कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सांख्यिकीय दिवस देश के विख्यात सांख्यिकीविद् प्रो. पी.सी. महालेनोबिस की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने सांख्यिकी के क्षेत्र में प्रो. महालेनोबिस के अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके कार्यों ने देश में योजना निर्माण और नीति निर्धारण को नई दिशा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि आंकड़े केवल कागजी औपचारिकता नहीं, बल्कि एक मूल्यवान संपत्ति हैं। इनके सही संग्रह, विश्लेषण और उपयोग से बेहतर योजनाएं बनाई जा सकती हैं तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी एवं न्यायसंगत वितरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
जिला संख्या अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आंकड़ों के संग्रहण के दौरान उनकी गुणवत्ता, शुद्धता और विश्वसनीयता पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े ही देश और प्रदेश के विकास के लिए प्रभावी नीतियां बनाने का आधार बनते हैं।
कार्यक्रम में आंकड़ों के महत्व, डेटा संग्रहण के दौरान होने वाली त्रुटियों को दूर करने के उपाय तथा सांख्यिकीय जानकारी को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रतिभागियों को गुणवत्तापूर्ण आंकड़ों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।










