बद्दी, 9 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
नशा मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से बद्दी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झाड़माजरी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, बाल संरक्षण एवं बाल शोषण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को चिट्टा (हेरोइन) सहित अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों, नशे से होने वाले सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का संदेश दिया।


कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव के उपायों, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा बाल संरक्षण एवं बाल शोषण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। एएसपी अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक नागरिक बनें और अपने परिवार तथा समाज में भी नशा मुक्ति, यातायात नियमों के पालन और साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करें।
विद्यालय प्रबंधन ने बद्दी पुलिस के इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








