/रास्ते में दम तोड़ रहीं नालागढ़ डिपो की बसें, यात्रियों को भारी परेशानी।

रास्ते में दम तोड़ रहीं नालागढ़ डिपो की बसें, यात्रियों को भारी परेशानी।

बसों और स्टाफ की कमी बनी बड़ी वजह


नालागढ़, 10 जुलाई
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के नालागढ़ डिपो की बसों में लगातार आ रही तकनीकी खराबियों के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आज शुक्रवार को नालागढ़ से ऊना जा रही बस दभोटा से आगे नहीं जा सकी और रास्ते में ही खराब हो गई, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कत उठानी पड़ी।

नालागढ़ बस अड्डा प्रभारी देवेंद्र भारद्वाज ने बताया कि डिपो में बसों की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब तीन माह से नई “नीली बसें” बस अड्डे पर ही खड़ी हैं। इसके अलावा डिपो में तकनीकी स्टाफ और आवश्यक कलपुर्जों की भी भारी कमी है, जिससे बसों के रखरखाव का कार्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को डिपो की चार बसें अलग-अलग रूटों पर तकनीकी खराबी का शिकार हुईं। इनमें दो बसें शिमला मार्ग पर, एक रोपड़ मार्ग पर और एक ऊना मार्ग पर खराब हुई, जिसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

बस अड्डा प्रभारी ने बताया कि शिमला जाने वाली एक बस में भी तकनीकी खराबी आ गई थी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे बदलकर एचपी-72-5341 नंबर की बस को शिमला के लिए रवाना किया गया, ताकि रास्ते में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उधर, रामशहर क्षेत्र के ग्रामीणों, पंचायतों के वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों, युवक-महिला मंडलों तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, परिवहन विभाग के अधिकारियों तथा निगम प्रबंधन से नालागढ़ डिपो का भी शीघ्र औचक निरीक्षण (सरप्राइज विजिट) कराने की मांग की है।