/चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम।

चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम।

छात्रों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ।

सोलन, 24 जुलाई
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।

हिमाचल प्रदेश सरकार के ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान’ के तहत गत शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुल्तानपुर तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चामियां में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक लोक सम्पर्क अधिकारी सोलन रविन्द्र सभ्रवाल ने की।


रविन्द्र सभ्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा तन, मन और धन तीनों का नाश करता है। एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए हर प्रकार के नशे को जड़ से समाप्त करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है। नशे के कारण कई गंभीर बीमारियां होती हैं, एकाग्रता समाप्त हो जाती है, सांस संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं और कई मामलों में यह जानलेवा भी साबित होता है।


रविन्द्र सभ्रवाल ने चिंता जताई कि आज का युवा केवल मादक पदार्थों ही नहीं, बल्कि कुछ दवाओं का भी नशे के रूप में उपयोग कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं और अपने साथियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें तथा नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना प्रशासन तक पहुंचाने में सहयोग करें।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।


इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुल्तानपुर की प्रधानाचार्य दयावंती, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चामियां की प्रधानाचार्य अनुराधा शर्मा, विद्यालय के अध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।