नालागढ़ 19 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
नालागढ़ के खेड़ा क्षेत्र में बुधवार को हुई भारी वर्षा के चलते कई लोगों के घरों में पानी घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति का जायजा लेने के लिए स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संभावित उपायों पर विचार-विमर्श किया।

मिली जानकारी के मुताबिक प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने नालागढ़ के तहसीलदार, फोरलेन अथॉरिटी के कानूनगो तथा अन्य तकनीकी अधिकारियों मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया ।

अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण कर पानी की निकासी के विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की और लोगों के सुझाव लिए । इस दौरान ग्राम पंचायत खेड़ा के प्रधान कुलविंदर सिंह, उपप्रधान, ब्लॉक डेवलमेंट सदस्य, वार्ड सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने खाली पड़ी सरकारी भूमि से पानी की निकासी कर उसे सीधे खेड़ा खड्ड में डालने के सुझाव पर सहमति जताई।

अधिकारियों ने इस संबंध में आगामी आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा ढलान की ओर से सड़क पर आने वाले बारिश के पानी की उचित निकासी व्यवस्था को लेकर भी मौके पर चर्चा की गई।

पंचायत ने भी जल निकासी के प्रस्ताव पर सहमति जताई। पंचायत प्रधान कुलविंदर सिंह ने कहा कि जल निकासी की व्यवस्था इस तरह की जानी चाहिए, जिससे किसी भी व्यक्ति की निजी संपत्ति को नुकसान न पहुंचे।

इस अवसर पर फौजी राजिंदर सिंह ,रामा वर्मा, शकील, खुर्शीद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।










