बद्दी, 1 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा ।
स्टेट विजिलेंस ब्यूरो की बद्दी टीम ने बरोटीवाला पटवार वृत्त में तैनात एक महिला पटवारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि पटवारी ने भूमि की सड़क से दूरी संबंधी राजस्व प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
विजिलेंस ब्यूरो के आईजी विमल गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि महिला पटवारी को सोमवार दोपहर बरोटीवाला स्थित उसके कार्यालय में रिश्वत लेते पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता को अपनी जमीन का सर्किल रेट निर्धारित करवाने के लिए सड़क से भूमि की दूरी संबंधी राजस्व प्रमाणपत्र की आवश्यकता थी।
आरोप है कि प्रमाणपत्र जारी करने के बदले पटवारी ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ब्यूरो बद्दी की टीम ने प्रारंभिक जांच की और इसके बाद जाल बिछाया।
शिकायतकर्ता द्वारा जैसे ही पटवारी को एक लाख रुपये की राशि दी गई, विजिलेंस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है।










