/पात्र परिवार 20 सितंबर तक जमा करवाएं आवेदन : हरदीप सिंह बावा

पात्र परिवार 20 सितंबर तक जमा करवाएं आवेदन : हरदीप सिंह बावा

अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के 9वें चरण के लिए बैरछा में आयोजित हुआ संवाद कार्यक्रम

नालागढ़ 14 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरदीप सिंह बावा की अध्यक्षता में आज ग्राम पंचायत बैरछा में मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के 9वें चरण के लिए चयन प्रक्रिया के संबंध में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत घोलोवाल, करसौली, बघेरी, बैरछा, मस्तानपुरा, बरूणा और खिल्लियां के लोगों ने भाग लिया।

इस दौरान विधायक ने योजना के तहत लाभान्वित होने वाले परिवारों से सीधा संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं व समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि निर्धारित मापदंडों के अनुसार पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें बीपीएल सूची में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने बताया कि जिन परिवारों में अनाथ बच्चे हैं, जिन परिवारों में 27 से 59 वर्ष की आयु के बीच कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है तथा जिनकी वार्षिक आय निर्धारित सीमा के अंतर्गत है, वे सरकार द्वारा तय अन्य पात्रता एवं मापदंडों को पूरा करने पर इस प्रक्रिया का लाभ उठा सकते हैं।

बावा ने पात्र परिवारों से आग्रह किया कि वे 20 सितंबर, 2026 से पहले संबंधित पंचायत अथवा विभागीय अधिकारियों के पास आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए यह अंतिम अवसर दिया जा रहा है।

इसलिए पात्र परिवार निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए अपनी प्रक्रिया समय पर पूरी करें, ताकि वे पेंशन, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि कई बार पात्र परिवार जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। ऐसे में संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को उनके घर-द्वार के नजदीक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से सरकार, प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद भी स्थापित होता है।

विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर योजनाओं की पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं, जिससे लोगों को अपनी आवश्यकता के अनुसार उचित योजना का लाभ लेने में सुविधा हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

विधायक ने लोगों की जनसमस्याएं भी सुनीं और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत बैरछा की प्रधान गुरजीत कौर, उपप्रधान सुरेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत बघेरी के प्रधान चनन सिंह, उपप्रधान राजकुमार, ग्राम पंचायत मस्तानपुरा के प्रधान बहादुर लाल, ग्राम पंचायत खिल्लियां के प्रधान कृष्ण लाल, उपप्रधान कृष्ण लाल, ग्राम पंचायत घोलोवाल की प्रधान हरविंदर कौर, उपप्रधान जसवीर सिंह, ग्राम पंचायत पंजहेरा के प्रधान रामकुमार शर्मा, ग्राम पंचायत गूलरवाला की प्रधान रजनी मल्ला, ग्राम पंचायत बरूणा के उपप्रधान शमशेर सिंह, जिला परिषद सदस्य योगेश्वर राणा, पंचायत समिति सदस्य अंजू बाला, मलकियत कौर व पूजा देवी, खंड विकास अधिकारी नालागढ़ अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।