/कुठाड़ व चंडी में 14 सितंबर को विधायक का जनसंवाद कार्यक्रम

कुठाड़ व चंडी में 14 सितंबर को विधायक का जनसंवाद कार्यक्रम


छह-छह पंचायतों की जनता से संवाद कर सुनी जाएंगी समस्याएं, सरकारी योजनाओं की दी जाएगी जानकारी

नालागढ़ 12 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से 14 सितंबर 2026 को विधायक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के तहत विधायक स्वयं दोपहर 12 बजे कुठाड़ में तालाब के समीप महिला मंडल भवन में क्षेत्र की जनता के बीच उपस्थित रहेंगे।

यहां जाड़ला, गांगुड़ी, कुठाड़, दाड़वा, जगजीत नगर और मंढेसर पंचायतों के लोगों के साथ जनसंवाद किया जाएगा।

इस दौरान ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना सहित अन्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

योजना के तहत 75,000 रुपये तक वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों के चयन सहित विभिन्न विषयों पर लोगों को जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के समक्ष मामले उठाए जाएंगे।

इसके बाद दोपहर 3 बजे चंडी में मां चंडी मंदिर के समीप सामुदायिक भवन में दूसरा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें चंडी, बढ़लग, बुघार कनेता, घड़सी, ढकरयाणा और गोयला पंचायत क्षेत्रों की जनता के साथ संवाद किया जाएगा।

विधायक ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने का आग्रह किया है, ताकि वे अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रख सकें और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि जनसंवाद के माध्यम से जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा तथा क्षेत्र के विकास में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होगी।