/बद्दी पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, चिट्टा व ICE सहित तीन गिरफ्तार

बद्दी पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, चिट्टा व ICE सहित तीन गिरफ्तार

52.07 ग्राम हेरोइन और 6.16 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद, दो मोटरसाइकिलें जब्त

बद्दी, 12 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

पुलिस जिला बद्दी ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 52.07 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 6.16 ग्राम मेथामफेटामाइन (ICE) बरामद की है। दोनों मामलों में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए थाना बद्दी की टीम ने 11 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर साई रोड, अमरावती क्षेत्र में मोटरसाइकिल नंबर PB07AQ-1178 पर सवार दो युवकों को काबू किया।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के हैंडल पर लटके हेलमेट के अंदर से 42.86 ग्राम हेरोइन तथा 6.16 ग्राम मेथामफेटामाइन (ICE) बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह (27) निवासी होशियारपुर, पंजाब तथा दानिश असलम सिरवाल (25) निवासी किश्तवाड़, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना बद्दी में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

वहीं, 12 सितंबर को थाना बरोटीवाला की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भटौली कलां में टाईमैक्स कंपनी के समीप मोटरसाइकिल नंबर HP12J-6865 पर सवार युवक को काबू किया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के मीटर हेड वाइजर के अंदर से 9.21 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।

आरोपी की पहचान अजय कुमार (21) निवासी गांव पट्टा, डाकघर कट्टल, तहसील रामशहर, जिला सोलन के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना बरोटीवाला में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी को भी न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस जिला बद्दी ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।