शिमला, 27 सितंबर।
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो / वर्मा।
शिमला के पुलिस थाना सदर क्षेत्र में निर्माणाधीन होटल से कॉपर वायर चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने , अभियोग संख्या 128/2026 (धारा 305(a), 331(4) बीएनएस) दिनांक 26 सितंबर को शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 25 सितंबर को निर्माणाधीन होटल के स्टोर से कॉपर वायर और अन्य वायरिंग की तारें चोरी हो गई थीं।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें तीन संदिग्ध व्यक्ति पीठ पर कट्टे लेकर घूमते दिखाई दिए।
स्थानीय सूचना और खुफिया सूत्रों के आधार पर पुलिस ने डाउनडेल, फागली क्षेत्र से तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय साहनी उर्फ ललटू (25) निवासी दरभंगा, बिहार, संजय (28) निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार और सैंटी (26) निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई। तीनों वर्तमान में डाउनडेल, फागली, शिमला में रह रहे थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 26 सितंबर को गिरफ्तार कर चोरीशुदा माल बरामद कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।








