/ग्रेनेड बरामदगी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार ।

ग्रेनेड बरामदगी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार ।

तीनों 5 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर

नालागढ़ 1अक्तूबर ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

पुलिस थाना नालागढ़ में 29 सितंबर 2026 को आर्म्स एक्ट एवं धारा 4 एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट, 1908 के तहत दर्ज ग्रेनेड बरामदगी मामले में बद्दी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी सलीम मोहम्मद (42) पुत्र प्यारा राम, निवासी गांव माजरा, डाकघर बरूणा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन को गिरफ्तार किया है।

जांच के दौरान पुलिस ने 30 सितंबर को सलीम मोहम्मद को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मामले में पहले गिरफ्तार की गई किरना पत्नी रशीद मोहम्मद को भी 1 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इससे पहले मामले के मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ को 30 सितंबर को नालागढ़ न्यायालय में पेश किया गया था।

न्यायालय ने तीनों आरोपियों को 5 अक्टूबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से ग्रेनेड की बरामदगी, उसके स्रोत तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी संलिप्त है या नहीं।

मामले की गहन जांच के लिए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। बद्दी पुलिस द्वारा ग्रेनेड के स्रोत, उसकी बरामदगी की परिस्थितियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करते हुए आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।