/कुमारसैन में महिलाओं से मिर्च पाउडर डालकर आभूषण लूटने की तीन वारदातें सुलझीं, आरोपी गिरफ्तार

कुमारसैन में महिलाओं से मिर्च पाउडर डालकर आभूषण लूटने की तीन वारदातें सुलझीं, आरोपी गिरफ्तार

शिमला(कुमारसैन), 6 अक्टूबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

जिला शिमला पुलिस ने महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर सोने के आभूषण छीनने की तीन वारदातों को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जेल सिंह पुत्र करण सिंह, निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को श्रीमती सीमा देवी की शिकायत पर थाना कुमारसैन में FIR संख्या 69/2026 धारा 304(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था। जुब्बड़ के पास रास्ते में आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर दोनों कानों की बालियां छीन ली थीं।

इसी तरह 14 सितंबर 2026 को श्रीमती सुनो देवी की शिकायत पर FIR संख्या 71/2026 दर्ज हुई। कण्डयाली के पास रास्ते में आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च डालकर दोनों कानों की सोने की बालियां छीन ली थीं।

वहीं 26 सितंबर 2026 को श्रीमती कनकु की शिकायत पर FIR संख्या 72/2026 दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात से पहले लगातार तीन दिनों तक पीड़िता के ढाबे पर आता रहा और 26 सितंबर को उसके अकेले होने का फायदा उठाकर आंखों में मिर्च पाउडर डालकर गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया।

जांच के दौरान तीनों मामलों में आरोपी की कार्यप्रणाली में समानता सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात से पहले घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की रेकी करता था तथा महिलाओं की आवाजाही और उनके मार्ग पर नजर रखता था। इसके बाद वह सुनसान अथवा एकांत स्थान पर महिला के अकेले होने का इंतजार करता और आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उसे असहाय करने के बाद आभूषण छीनकर फरार हो जाता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचने के लिए भी सुनसान स्थानों का चयन करता था। तीनों घटनाओं के समान तरीके का विश्लेषण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान स्थापित की।

जांच में आरोपी की लोकेशन नूरपुर में मिलने पर कुमारसैन पुलिस ने नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और 5 अक्टूबर 2026 को आरोपी जेल सिंह को हिरासत में लेकर थाना कुमारसैन लाया गया। इसके बाद तीनों मामलों की पीड़िताओं/शिकायतकर्ताओं ने आरोपी की पहचान की।

पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध थाना सिहुंता, जिला चम्बा में FIR संख्या 16/2026, दिनांक 5 मार्च 2026, धारा 304(2) BNS के तहत स्नैचिंग का मामला दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। तीनों मामलों में आगामी जांच जारी है।