/03 क्विंटल भुक्की के साथ ट्रक चालक गिरफ्तार, ट्रक जब्त

03 क्विंटल भुक्की के साथ ट्रक चालक गिरफ्तार, ट्रक जब्त

बद्दी, 7 अक्टूबर।
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

बद्दी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 03 क्विंटल भुक्की (चूरा-पोस्त) बरामद की है।

पुलिस ने नशीले पदार्थ की तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 6/7 अक्टूबर की मध्यरात्रि को Special Cell-X, बद्दी को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक नंबर HP-12T-5494 में भारी मात्रा में चूरा-पोस्त हरियाणा की ओर से बद्दी लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बद्दी पुल के पास नाकाबंदी की।

संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर उसमें रखे प्लास्टिक के कट्टों से कुल 03 क्विंटल भुक्की बरामद हुई।
आरोपी चालक की पहचान धर्मिन्द्र सिंह निवासी वार्ड नंबर-3, नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ और ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में ND&PS Act के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ बद्दी पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति जारी है और अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।