36 विद्यार्थियों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मिली जिम्मेदारी, पहली बार त्रैमासिक समाचार पत्रिका का विमोचन
नालागढ़, 15 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालय छात्र केंद्रीय संघ (CSCA) के मनोनीत पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ललित कुमार गुलेरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर पहली बार महाविद्यालय की त्रैमासिक समाचार पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। मेरिट के आधार पर मनोनीत चार प्रमुख पदाधिकारियों में बीएससी तृतीय वर्ष के हरमन कपूर को अध्यक्ष, एमए राजनीति शास्त्र प्रथम वर्ष की आकृति कैंथ को उपाध्यक्ष, बीए द्वितीय वर्ष के शिव कुमार को महासचिव तथा बीकॉम प्रथम वर्ष की दिव्या को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सभी पदाधिकारियों को पद एवं कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई।
प्राचार्य डॉ. ललित कुमार गुलेरिया ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पद प्राप्त करना केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उन्हें महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष सकारात्मक एवं लोकतांत्रिक तरीके से रखने का आह्वान किया।
CSCA सलाहकार समिति की समन्वयक डॉ. तनुजा पाठक ने कहा कि छात्र केंद्रीय संघ विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने पदाधिकारियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ जिम्मेदारियां निभाने तथा व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर सामूहिक विद्यार्थी हितों को प्राथमिकता देने की अपील की।

महाविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं गतिविधियों से जुड़े 36 विद्यार्थियों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया। इनमें एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, रेंजर्स-रोवर्स, रेड रिबन क्लब और इको क्लब के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न कक्षाओं के प्रतिनिधियों तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य ने उम्मीद जताई कि छात्र संघ महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में डॉ. अनुज साहनी सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक और गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।




