/पीजीआईएमईआर में 18 अक्टूबर को होगा मेडिकल टेक्नोलॉजी एलुमनाई एसोसिएशन का 10वां सम्मेलन

पीजीआईएमईआर में 18 अक्टूबर को होगा मेडिकल टेक्नोलॉजी एलुमनाई एसोसिएशन का 10वां सम्मेलन

चंडीगढ़, 13 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ में 18 अक्टूबर 2026 को पीजीआई मेडिकल टेक्नोलॉजी एलुमनाई एसोसिएशन का 10वां सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। संस्थान में बीएससी मेडिकल टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम शुरू होने के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मेलन के साथ निरंतर चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम भी होगा।

पीजीआई में यह रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम वर्ष 1967 में तत्कालीन निदेशक एवं पैथोलॉजी के प्रोफेसर प्रो. बी.के. ऐकत के मार्गदर्शन में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के सहयोग से शुरू किया गया था। सम्मेलन का आयोजन पीजीआई के एपीसी कॉम्प्लेक्स स्थित ऑडिटोरियम में किया जाएगा।

मेडिकल टेक्नोलॉजी के उभरते रुझानों पर होगा मंथन

सम्मेलन के दौरान ‘मेडिकल टेक्नोलॉजी में उभरते रुझान’ विषय पर सीएमई कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें मेडिकल लैब साइंसेज, रेडियोलॉजी और रेडियोथेरेपी के क्षेत्रों में हो रहे बदलावों, नई तकनीकों और उभरती संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। आयोजन में भारत सहित विभिन्न देशों से 300 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों की कई पीढ़ियां एक साथ जुटेंगी। वर्ष 1967 के पहले बैच के विद्यार्थी भी समारोह में शामिल होंगे, जबकि बीएससी मेडिकल टेक्नोलॉजी के वर्तमान विद्यार्थी भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

मेडिकल टेक्नोलॉजी शिक्षा में पीजीआई का अहम योगदान

संस्थान के अनुसार, अब तक मेडिकल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में लगभग 2,000 विद्यार्थियों को बीएससी, 165 को एमएससी और 54 को पीएचडी की डिग्री प्रदान की जा चुकी है। यहां के पूर्व विद्यार्थियों ने देश-विदेश में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं देकर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। शिक्षण, तकनीकी दक्षता और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाओं के क्षेत्र में पीजीआई के योगदान को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार माना जाता है।

सम्मेलन के आयोजन की जिम्मेदारी डॉ. अश्विंदर रैना को आयोजन अध्यक्ष (ऑर्गेनाइजिंग चेयरपर्सन) तथा श्री आदित्य नागरथ को आयोजन सचिव (ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी) के रूप में सौंपी गई है।

पीजीआईएमईआर के जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, यह सम्मेलन संस्थान की छह दशक की शैक्षणिक यात्रा, मेडिकल टेक्नोलॉजी के विकास और पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों को साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।