विधायक राम कुमार चौधरी ने झाड़माजरी के हिल टॉप कुण्डाहल और ठाणा में किया भूमि पूजन,
बद्दी 15 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल के दून विधानसभा क्षेत्र में बिजली की समस्या के समाधान के लिए 104 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत तीन नए बिजली उपकेंद्रों के निर्माण की दिशा में कार्य शुरू हो गया है। विधायक राम कुमार चौधरी ने आज ग्राम पंचायत झाड़माजरी के हिल टॉप कुण्डाहल तथा ग्राम पंचायत ठाणा में विधिवत भूमि पूजन कर भूमि सुधार कार्य का शुभारंभ किया।

विधायक ने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार और बढ़ती आबादी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है।
ओवरलोडिंग के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से स्थानीय निवासियों और उद्योगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नए उपकेंद्रों के निर्माण से विद्युत वितरण व्यवस्था मजबूत होगी और बिजली कटौती की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि झाड़माजरी में 66 केवी क्षमता के बिजली उपकेंद्र के लिए 27 करोड़ 48 लाख रुपये तथा ठाणा में 66 केवी क्षमता के उपकेंद्र के लिए 21 करोड़ 77 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन उपकेंद्रों के स्थापित होने से ग्रामीण क्षेत्रों और औद्योगिक इकाइयों को बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि विधायक बनने के अपने पहले कार्यकाल में भी उन्होंने काठा, अक्कांवाली, संडोली और कुल्हाड़ीवाला में 66 केवी क्षमता के तीन बिजली उपकेंद्र स्वीकृत करवाए थे।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के निरंतर विस्तार को देखते हुए बिजली से जुड़े आधारभूत ढांचे को मजबूत करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने वर्तमान में 104 करोड़ रुपये की लागत से तीन नए बिजली उपकेंद्र स्वीकृत किए हैं।
इनके स्थापित होने से नालागढ़ सीमा से कालूझंडा तक के गांवों और औद्योगिक इकाइयों को बिजली संबंधी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री का दून विधानसभा क्षेत्र का दौरा शीघ्र प्रस्तावित है। इस दौरान तीनों उपकेंद्रों का शिलान्यास करने के साथ क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन भी प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि दून क्षेत्र में बिजली, सड़क, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर दून ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलतार सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष अच्छर पाल, बरोटीवाला पंचायत के पूर्व प्रधान गुरबख्श खन्ना, पूर्व उपप्रधान बिल्लू खान, हितेंद्र सोनू, ठाणा पंचायत के उपप्रधान खेमचंद, पूर्व प्रधान तरसेम चौधरी, ढेला पंचायत के प्रधान काला चौधरी सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, वार्ड पंच तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





