बद्दी, 22 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
औद्योगिक नगरी बीबीएन के मलपुर में टैंकर की टक्कर से मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी दोनों टांगें टैंकर के टायरों के नीचे आने से कुचल गईं। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक टैंकर नंबर HP12Q-2661 मलपुर में मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारने के बाद हादसे का कारण बना। शिकायतकर्ता लक्ष्मी साहु के अनुसार, टैंकर चालक वाहन को लापरवाही और गफलत से चला रहा था। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल चालक किशन सड़क पर गिर गया और उसकी दोनों टांगें टैंकर के टायरों के नीचे आ गईं।
घायल किशन को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टैंकर को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना बद्दी में टैंकर चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगामी जांच जारी है।








