दुकानों से रेट लिस्ट गायब, खुलेआम हो रहा प्लास्टिक का इस्तेमाल।
बीबीएन 28 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा
औद्योगिक नगरी बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में खाद्य पदार्थों के दाम निर्धारित न होने और दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
आरोप हैं कि कई दुकानों पर रेट लिस्ट न होने के कारण ग्राहकों से खाद्य पदार्थों के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। इससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खुलेआम इस्तेमाल की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में प्लास्टिक का प्रयोग पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों पर सवाल खड़े करता है।
इन परिस्थितियों के बीच संबंधित विभागों की निगरानी और कार्रवाई को लेकर भी चर्चा हो रही है।
स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि बाजारों में दुकानदारों द्वारा रेट लिस्ट प्रदर्शित करना सुनिश्चित करने और प्लास्टिक के इस्तेमाल पर नियमों की पालना करवाने के लिए नियमित निरीक्षण क्यों नहीं किया जा रहा है।
लोगों ने संबंधित विभागों और प्रशासन से बाजारों का नियमित निरीक्षण करने, दुकानों पर रेट लिस्ट लगवाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।








