/बद्दी में पहली बार 28 से 30 नवंबर तक होगा जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेला

बद्दी में पहली बार 28 से 30 नवंबर तक होगा जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेला

मैराथन, एंटी-चिट्टा जागरूकता रैली, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र

बद्दी 27 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

उपमंडल रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले के सफल आयोजन को लेकर बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के झाड़माजरी स्थित सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मेले की तैयारियों, खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न स्टॉलों की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

संजीव धीमान ने बताया कि बद्दी उपमंडल में पहली बार 28 से 30 नवंबर, 2026 तक जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता, मानवीय सेवा और जनकल्याण के लिए कार्य करती है। समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से इन सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से दो हजार रुपये के शुल्क पर रेड क्रॉस सोसाइटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण कर समाजसेवा से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि आजीवन सदस्य बनने वाले लोगों को मेले के दौरान मुख्य अतिथियों के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।

मैराथन और एंटी-चिट्टा रैली से होगा आगाज
एसडीएम ने बताया कि मेले के पहले दिन पांच किलोमीटर की मैराथन के साथ खेल गतिविधियों की शुरुआत होगी। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी से एंटी-चिट्टा जागरूकता बाइक रैली निकाली जाएगी।

इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
मेले में महिलाओं के लिए मटका फोड़, मेहंदी, रंगोली और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष प्रतियोगिताओं के साथ युवाओं के लिए विभिन्न खेल गतिविधियां भी होंगी।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
स्कूली विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके तहत भांगड़ा, गिद्दा, नाटी, गायन, नृत्य और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए फैशन शो और परिधान प्रतियोगिता भी होगी। इसमें प्रतिभागी विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से वहां की संस्कृति एवं परंपराओं को प्रदर्शित करेंगे।

विभिन्न राज्यों की संस्कृति से रूबरू होंगे लोग
संजीव धीमान ने कहा कि बद्दी प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां देश के विभिन्न राज्यों के लोग कार्यरत हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सांध्यकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली और पंजाबी कलाकारों के साथ भोजपुरी, राजस्थानी, हरियाणवी तथा अन्य क्षेत्रीय संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व करने वाले कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इससे मेले में विभिन्न राज्यों की कला और संस्कृति को साझा मंच मिलेगा।

स्वयं सहायता समूहों और कंपनियों को मिलेंगे स्टॉल
मेले में स्वयं सहायता समूहों, सरकारी विभागों, स्कूली विद्यार्थियों और इच्छुक कंपनियों को स्टॉल लगाने का अवसर दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूह अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री कर सकेंगे। वहीं, विद्यार्थियों को खाने-पीने की वस्तुओं सहित अन्य उत्पादों के स्टॉल लगाने के माध्यम से उद्यमिता एवं आत्मनिर्भरता का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।

इच्छुक कंपनियां भी अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए आवेदन कर सकेंगी। स्टॉल उपलब्धता और निर्धारित प्राथमिकता के आधार पर आवंटित किए जाएंगे।

एसडीएम संजीव धीमान ने क्षेत्रवासियों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न संगठनों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य मनोरंजन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ समाजसेवा, जनभागीदारी और जरूरतमंद लोगों की सहायता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।