/नालागढ़ में कंपनी के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच राउंड चलने की सूचना।

नालागढ़ में कंपनी के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच राउंड चलने की सूचना।

गोल जमाला में बिना नंबर प्लेट की पल्सर पर आए दो नकाबपोशों ने दिया वारदात को अंजाम, आरोपियों की तलाश में जुटी बद्दी पुलिस

नालागढ़, 25 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा ।

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में फायरिंग की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। पुलिस की सख्ती के बावजूद क्षेत्र में गोलीबारी की घटनाएं सामने आने से कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ रही है।

आज रविवार को नालागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव गोल जमाला स्थित यूसुफ एंटरप्राइजेज कंपनी के मुख्य गेट पर फायरिंग की घटना सामने आई। सूचना के अनुसार, दो नकाबपोश व्यक्तियों ने करीब पांच राउंड फायर किए और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना आज 25 अक्टूबर, 2026 को दोपहर करीब 2 बजे हुई। कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत दीप सिंह निवासी गांव बड्डु, रामशहर, जिला सोलन ने पुलिस को शिकायत दी कि बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात नकाबपोश व्यक्तियों ने कंपनी के मुख्य गेट पर गोलीबारी की। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपियों के आने-जाने के संभावित रास्तों तथा अन्य साक्ष्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस बात की पुष्टी करते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना नालागढ़ में आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में पिछले कुछ समय से हथियारों के इस्तेमाल और फायरिंग की घटनाओं को लेकर चिंता जताई जा रही है। नालागढ़ पुलिस थाना परिसर के निकट हुए ब्लास्ट का मामला भी जांच के लिए एनआईए को सौंपा जा चुका है। ऐसे में क्षेत्र में सामने आ रही गोलीबारी की घटनाएं पुलिस के सामने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती को रेखांकित करती हैं। अब गोल जमाला फायरिंग मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाना पुलिस के लिए अहम होगा।

इस बात की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।