विद्यार्थियों और शिक्षकों से किया संवाद, जागरूकता कार्यक्रम नियमित आयोजित करने पर दिया जोर
सोलन 24 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
जिला पुलिस सोलन द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सोलन ने 24 अक्टूबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सुल्तानपुर का दौरा किया।
इस विद्यालय को एसपी सोलन ने गोद लिया है।
दौरे के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से सीधा संवाद कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

विद्यालय प्रबंधन से नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम और सेमिनार आयोजित करने का आग्रह किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर सर्वांगीण विकास करने के लिए प्रेरित किया।
एसपी सोलन ने विद्यार्थियों से नशे से संबंधित किसी भी समस्या या अपने विचार पुलिस के साथ निःसंकोच साझा करने की अपील की।
उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों के व्यवहार पर नजर रखने तथा नशे की लत के शुरुआती संकेतों की समय रहते पहचान करने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया।

जिला पुलिस सोलन के सभी राजपत्रित अधिकारियों ने एक-एक विद्यालय गोद लिया है और वहां नियमित रूप से विद्यार्थियों व शिक्षकों के साथ संवाद किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पुलिस अधिकारी और थाना व चौकी प्रभारी अन्य शिक्षण संस्थानों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।








