/त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था को लेकर बद्दी पुलिस अलर्ट।

त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था को लेकर बद्दी पुलिस अलर्ट।

प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त बल तैनात

बद्दी, 24 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए बद्दी पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। इसके तहत प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने संबंधित यातायात प्रभारियों और थाना प्रभारियों को यातायात पर लगातार निगरानी रखने तथा जाम की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस बाजारों में वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित बनाए रखने और आम लोगों को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए विशेष सतर्कता बरत रही है।

बद्दी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, सड़क किनारे अनावश्यक पार्किंग से बचें और यातायात नियमों का पालन करें।

पुलिस ने लोगों से त्योहारी खरीदारी के दौरान धैर्य बनाए रखने तथा यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।