62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
सोलन (कुनिहार), 24 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
जिला सोलन के कुनिहार क्षेत्र के गांव कोठी स्थित देव कुरगन मंदिर के दानपात्र से करीब 7 हजार रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने 62 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की नकदी भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, कुनिहार निवासी ललित मोहन ठाकुर ने 22 अक्टूबर को पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 18 अक्टूबर को दिन के समय अज्ञात व्यक्ति मंदिर में रखे दानपात्र से करीब 7 हजार रुपये चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR संख्या 53/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305(a) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की। इसके आधार पर पुलिस ने खेम चंद (62), पुत्र स्वर्गीय कृपा राम, निवासी गांव तंगड़ी, डाकखाना भारती, जिला सोलन को गिरफ्तार किया तथा चोरी की नकदी बरामद कर ली।
पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है









