मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने युवाओं को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ, खेलों को बढ़ावा देने पर दिया जोर
शिमला, 25 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनूटी में रविवार को खेल महाकुंभ-2026 का शुभारंभ लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री तथा हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स कल्चर एन्वायरमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने किया।

उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में लगभग 10 हजार खिलाड़ी क्रिकेट, वॉलीबॉल, रस्साकशी, कबड्डी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इसके अलावा मॉडलिंग और लोकनृत्य को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं तथा उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देते हैं।
नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

मंत्री ने कहा कि शिमला ग्रामीण को प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार, पूर्व मुख्यमंत्री रामलाल ठाकुर और वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने दावा किया कि शिमला ग्रामीण क्षेत्र में 600 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि प्रदेश में उनके वर्तमान कार्यकाल के दौरान 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को गति दी गई है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल, शहरी अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, पूर्व विधायक सोहन लाल, चिरंजीलाल कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा, कांग्रेस महासचिव चंद्रशेखर शर्मा, निर्मला वर्मा, प्रभा वर्मा, बृजलाल, विकास कालटा, प्रदीप वर्मा और देवेंद्र वर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, महिला मंडलों की सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।










