/विधायक रामकुमार चौधरी ने घरेड़ स्कूल में 12 लाख की लागत से बनी लाइब्रेरी का किया लोकार्पण

विधायक रामकुमार चौधरी ने घरेड़ स्कूल में 12 लाख की लागत से बनी लाइब्रेरी का किया लोकार्पण


नालका पंचायत में विकास कार्यों के लिए 7 लाख रुपये की घोषणा, बिजली-पेयजल संबंधी कार्य एक माह में पूरे करने के निर्देश

बद्दो 25 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने ग्राम पंचायत नालका के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घरेड़ में 12 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित लाइब्रेरी का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। लाइब्रेरी से विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों का ज्ञान प्राप्त करने, पढ़ने की आदत विकसित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिलेगी।

विधायक ने ग्राम पंचायत नालका में विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 7 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इस राशि से रास्तों के निर्माण सहित अन्य आवश्यक कार्य करवाए जाएंगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पंचायत के 15 परिवारों को सुचारू बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने तथा 20 परिवारों के घरों तक नल से पेयजल पहुंचाने से संबंधित कार्य एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यकतानुसार विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाए जाएंगे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं और विकास संबंधी मांगों से विधायक को अवगत करवाया।

इस अवसर पर ब्लॉक समिति पट्टा के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश ठाकुर, ग्राम पंचायत नालका के प्रधान मेहरचंद, उपप्रधान जसविंदर सिंह जस्सी, पूर्व प्रधान प्रेमचंद दिलाराम, पूर्व उपप्रधान मस्तराम, पूर्व उपप्रधान प्रेमचंद शास्त्री, ग्राम पंचायत लोधी माजरा के पूर्व प्रधान कश्मीरी लाल गोरु सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।