गुरदयाल सिंह ठाकुर ने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का दिया संदेश
बरोटीवाला 25 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
जिला सोलन एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से राजकीय महाविद्यालय बरोटीवाला के खेल मैदान में अंडर-14 और अंडर-16 लड़के-लड़कियों की जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने ट्रैक एवं फील्ड की विभिन्न स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में हिम परिवेश संस्था, नालागढ़ के कैशियर गुरदयाल सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि तथा मॉर्फिन लेबोरेटरीज लिमिटेड, बद्दी के मैनेजर वरिंदर कुमार राणा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने तथा अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम:
अंडर-16 लड़कों की 600 मीटर दौड़ में गोकुल कुमार प्रथम, शानू द्वितीय और समर तृतीय रहे। 60 मीटर दौड़ में अनिकेत ने स्वर्ण, तानिश ने रजत और शानू ने कांस्य पदक जीता।
शॉटपुट में रोशन कुमार, नितिश राणा और मयंक कुमार क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे।
लंबी कूद में अनिकेत प्रथम, तानिश द्वितीय, जबकि आकाश और शानू संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
लड़कियों की 60 मीटर दौड़ में पावनी और 600 मीटर दौड़ में अशमीत कौर विजेता रहीं।
अंडर-14 लड़कों की ट्रायथलॉन-बी स्पर्धा में ईशान खान प्रथम, अंकुश चौधरी द्वितीय और जयादित्य चौहान तृतीय रहे। ट्रायथलॉन-सी में प्रशांत ठाकुर, तविश ठाकुर और शिवांश अग्रवाल ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
लड़कियों की ट्रायथलॉन-बी स्पर्धा में प्रभजोत प्रथम, वंशिका द्वितीय और निधि तृतीय रहीं।
जिला सोलन एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह ने मुख्य अतिथि गुरदयाल सिंह ठाकुर को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और प्रतियोगिता में समय देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।










