/हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 45% से बढ़ाकर 50% किया

हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 45% से बढ़ाकर 50% किया

शिमला 26 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और अधिकारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। वित्त विभाग की ओर से 23 अक्टूबर, 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार महंगाई भत्ता मौजूदा 45 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है।

वित्त विभाग के ज्ञापन संख्या No. Fin(C)-B(7)-1/2021 के अनुसार यह आदेश हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2022 के अंतर्गत आने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों और अधिकारियों पर लागू होंगे। इसके अतिरिक्त अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों तथा यूजीसी वेतनमान के अंतर्गत आने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

आदेश के अनुसार बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अक्टूबर 2026 के वेतन के साथ नकद दिया जाएगा, जिसका भुगतान नवंबर 2026 में होगा।

वित्त विभाग के कार्यालय ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि 1 जुलाई, 2023 और 1 जनवरी, 2024 से 30 सितंबर, 2026 तक की अवधि के बकाया महंगाई भत्ते का भुगतान किस प्रकार किया जाएगा, इस संबंध में अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।

महंगाई भत्ते की गणना के दौरान 50 पैसे या उससे अधिक के अंश को अगले पूरे रुपये में शामिल किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम के अंश को छोड़ दिया जाएगा।

यह कार्यालय ज्ञापन हिमाचल प्रदेश सरकार के वित्त विभाग की ओर से जारी किया गया है। आदेश की प्रति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.himachal.gov.in/finance/ पर भी उपलब्ध करवाई गई है।