स्कॉर्पियो, पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद; गिरोह के सरगना और हथियारों के नेटवर्क की जांच जारी
नालागढ़, 30 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
नालागढ़ क्षेत्र में पिछले दिनों हुई फायरिंग की तीन अलग-अलग घटनाओं का बद्दी पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से वारदातों में इस्तेमाल किए जाने के संदेह में एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की घटनाओं के पीछे के कारणों, संभावित गिरोह के सरगना और हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि, पहली फायरिंग की घटना 14-15 अक्टूबर की रात गांव बूटा पलासी में हुई थी। यहां रणवीर सिंह के घर के बाहर अज्ञात बाइक सवार दो युवकों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से दो खाली कारतूस के खोल मिले थे।

दूसरी घटना भी बूटा पलासी में 23-24 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 12:50 बजे हुई। इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने मनप्रीत सिंह के घर के बाहर चार राउंड फायर किए।
इनमें से दो गोलियां घर के बाहर खड़ी उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी में लगीं, जबकि दो हवाई फायर किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।
तीसरी वारदात 25 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे गांव गोल जमाला स्थित यूसुफ एंटरप्राइजेज कंपनी के मुख्य गेट पर हुई।

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि शिकायत के अनुसार, बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश व्यक्तियों ने कंपनी के गेट पर करीब पांच राउंड फायर किए और फरार हो गए।
विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों से दबोचे आरोपी
तीनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। जांच में तकनीकी और साइबर टीमों को भी शामिल किया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, संदिग्धों की गतिविधियों और आपसी संपर्कों का विश्लेषण करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। इन प्रयासों के आधार पर चार आरोपियों की पहचान कर 29 अक्टूबर को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपकार सिंह (29) निवासी चांदपुर बेला, जिला रूपनगर, पंजाब; राजिंदर कुमार (29) निवासी रंगलोह, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश; देवेंद्र सिंह (34) निवासी दाहिरपुर, पंजाब तथा अमृतपाल सिंह (32) निवासी मल्होत्रा कॉलोनी, जिला रूपनगर, पंजाब के रूप में हुई है।

न्यायालय में पेश होंगे आरोपी, गिरोह के नेटवर्क की जांच
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो गाड़ी नंबर PB 65 BL 9086, पांच मोबाइल फोन, एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। चारों आरोपियों को 30 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों वारदातों के पीछे क्या कारण थे और आरोपियों की इनमें क्या भूमिका रही। इसके साथ ही किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता, उसके मुख्य संचालक, हथियारों की आपूर्ति के स्रोत और अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में दहशत फैलाने, फायरिंग करने और फिरौती मांगने जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी को फोन, संदेश या अन्य माध्यम से फिरौती की मांग अथवा धमकी मिलती है तो बिना किसी भय के तुरंत पुलिस को सूचित करें। ऐसी शिकायतों पर बद्दी पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी।








