इंडस्ट्रियल पैकेज में अनियमितता है तो जांच कर रद्द करें, मेडिकल डिवाइस और बल्क ड्रग पार्क को लेकर भी उठाए सवाल
शिमला, 27 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के बजाय प्लॉट बेचने पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इंडस्ट्रियल पैकेज में अनियमितताएं हुई हैं तो सरकार इसकी जांच करवाकर पैकेज रद्द करे।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में उद्योगों को कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा है, जिसके चलते उद्योग पड़ोसी राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि औद्योगीकरण से निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलता है, लेकिन सरकार मेडिकल डिवाइस पार्क और बल्क ड्रग पार्क में भी प्लॉटिंग तक सीमित नजर आ रही है।
उन्होंने धारा 118 में छूट देने की कोशिशों पर भी सवाल उठाए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री वर्ष 2027 तक हिमाचल को आत्मनिर्भर और 2032 तक देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने की बात करते हैं, लेकिन औद्योगीकरण को लेकर सरकार का रवैया इन लक्ष्यों के विपरीत है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण योगदान है, जबकि राज्य सरकार इसका पूरा श्रेय स्वयं ले रही है।
जयराम ठाकुर ने रोबोटिक सर्जरी की फीस बढ़ाकर 90 हजार रुपये किए जाने पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष रोबोटिक सर्जरी को हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजना के तहत शामिल करने का भरोसा दिया था, लेकिन उनके अनुसार यह आश्वासन अब तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने सरकार से अपने वादों को पूरा करने की मांग की।







