सनेड़ स्थित पिरामिड इलेक्ट्रॉनिक्स की बंद फैक्टरी में मिले जमीन पर फेंककर फोड़े जाने वाले पॉप-अप पटाखे।
बद्दी, 31 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
दीपावली त्योहारी सीजन के बीच पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं पैकिंग के मामले में कार्रवाई करते हुए गांव सनेड़ स्थित पिरामिड इलेक्ट्रॉनिक्स की बंद पड़ी फैक्टरी से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं।
पुलिस ने इस संबंध में थाना मानपुरा में बीएनएस की धारा 288 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक आज 31 अक्टूबर को थाना मानपुरा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सनेड़ गांव में स्थित पिरामिड इलेक्ट्रॉनिक्स की बंद फैक्टरी में
तलाशी ली जिस दौरान फैक्टरी में जमीन पर फेंककर फोड़े जाने वाले पॉप-अप पटाखे भारी मात्रा में खुले और पैक किए हुए मिले।
पुलिस ने मौके से 14 गत्ते के बॉक्स में खुले प्लास्टिक पैकेट, 16 गत्ते के बॉक्स में बंद प्लास्टिक पैकेट तथा नौ प्लास्टिक बोरों में छोटी डिब्बियां बरामद कीं। इसके अलावा बड़े गत्ते के डिब्बों में भी पटाखे रखे हुए मिले।
मौके पर मौजूद चौकीदार पटाखों के भंडारण और पैकिंग से संबंधित कोई वैध लाइसेंस, अनुमति या अन्य दस्तावेज पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस थाना मानपुरा में मामला दर्ज किया गया।
बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पटाखों एवं विस्फोटक प्रकृति की सामग्री का भंडारण और पैकिंग निर्धारित सुरक्षा मानकों तथा वैध अनुमति के तहत ही की जानी चाहिए। नियमों की अनदेखी कर लोगों की जान-माल को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










