/लूट मामले में आठ साल से फरार भगोड़ा अपराधी गिरफ्तार।

लूट मामले में आठ साल से फरार भगोड़ा अपराधी गिरफ्तार।

सोलन 1 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन पुलिस की PO सेल की टीम ने भगोड़े अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लूट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान जतिन नेगी उर्फ जितेंदर (29) पुत्र अमर सिंह, निवासी गांव जाहू डीम, डाकघर जाहू, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसे 28 अक्टूबर 2026 को जिला शिमला के खोलीघाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कंडाघाट में 25 जनवरी 2018 को अभियोग संख्या 03/2018 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 392, 457 और 34 में मामला दर्ज किया गया था।

इस मामले में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर कंडाघाट स्थित शराब के ठेके से 62 हजार रुपये लूटे थे।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बाद में सभी जमानत पर रिहा हो गए थे। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपपत्र न्यायालय में पेश किया।

हालांकि, मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी को बार-बार न्यायालय में पेश होने के आदेश दिए गए, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके चलते माननीय न्यायालय ने 27 अगस्त 2026 को उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। जिला स्तर पर गठित PO सेल की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

आखिरकार गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर टीम ने उसे खोलीघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल सोलन भेज दिया गया।