/मुख्यमंत्री की विद्यार्थियों को सीख, भविष्य के फैसले निडर होकर लें।

मुख्यमंत्री की विद्यार्थियों को सीख, भविष्य के फैसले निडर होकर लें।

तीसा स्कूल विद्यार्थियों से किया संवाद, बैरागढ़ स्कूल में लैब व अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा

शिमला, 5 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए निडर होकर फैसले लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता का रास्ता मेहनत, आत्मविश्वास और निडरता से होकर गुजरता है। जीवन में चुनौतियां आएंगी, लेकिन सही समय पर सही फैसला लेने वाले ही इतिहास रचते हैं।

मुख्यमंत्री वीरवार को जिला चम्बा के पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तीसा में विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए उनका हौसला बढ़ाया और जीवन में बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।

12वीं कक्षा की छात्रा तमन्ना के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने भविष्य और लक्ष्यों को लेकर बिना किसी डर के निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने छात्राओं को विशेष रूप से प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा, खेल, राजनीति सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने से नहीं डरना चाहिए।

संवाद के दौरान चौथी कक्षा की अपेक्षा भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से उनके पसंदीदा विषय के बारे में पूछा, जबकि 12वीं के छात्र प्रज्वलन ने तीसा स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करने के लिए उनका आभार जताया। छात्रा मोनिका ने नशे की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

वहीं, मुस्कान ने सरकारी विद्यालयों में बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाने और जीवनी ने मुख्यमंत्री की दिनचर्या के बारे में सवाल किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की मांग पर बैरागढ़ स्कूल में प्रयोगशाला तथा अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।

इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य घनश्याम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और स्कूल की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विधायक नीरज नैय्यर, प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट, कांग्रेस महासचिव यशवंत खन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।