/चक्कर मनोचिकित्सक अस्पताल में मरीजों को न्यूट्रिशन किट, गर्म मोजे व दरी भेंट।

चक्कर मनोचिकित्सक अस्पताल में मरीजों को न्यूट्रिशन किट, गर्म मोजे व दरी भेंट।

IGMC में उपचाराधीन ज्योति प्रकाश को 31 हजार रुपये की आर्थिक मदद

शिमला, 4 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी अवसर है।

इसी भावना के साथ मैत्री वेलफेयर फाउंडेशन ने दीपावली के अवसर पर दो सेवा कार्य करते हुए सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश दिया।

संस्था की ओर से चक्कर स्थित मनोचिकित्सक अस्पताल में मरीजों के साथ दीपावली का उत्सव मनाया गया। इस दौरान मरीजों को न्यूट्रिशन किट वितरित की गईं। वहीं, अस्पताल के लिए एक बड़ी दरी भेंट करने के साथ सर्दी के मौसम को देखते हुए मरीजों को गर्म मोजे भी प्रदान किए गए।

संस्था के सदस्यों ने मरीजों के साथ समय बिताकर उन्हें अपनत्व और खुशियों का एहसास कराया।

इसके अतिरिक्त संस्था ने IGMC शिमला में उपचाराधीन ज्योति प्रकाश के इलाज में सहयोग के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवाई। ज्योति प्रकाश की गंभीर स्थिति और परिवार की आर्थिक कठिनाइयों को देखते हुए संस्था ने अपने सदस्यों एवं सहयोगियों से मदद की अपील की थी।

इस अपील पर सदस्यों और सहयोगकर्ताओं ने उदारतापूर्वक सहयोग दिया। कुछ सहयोगियों ने सीधे उनके बैंक खाते में भी सहायता राशि जमा करवाई। सामूहिक प्रयासों से ज्योति प्रकाश को कुल 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

मैत्री वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्षा ममता गोयल ने सभी सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी सार्थक होता है, जब हम अपनी खुशियां दूसरों के साथ बांटें और जरूरतमंदों के जीवन में भी आशा एवं खुशियों का दीप जलाने का प्रयास करें।

संस्था ने अपने सेवा कार्यों के माध्यम से संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए और मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।