नियमित गश्त और नाकाबंदी के निर्देश, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी किए विशेष प्रबंध
सोलन 6 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
दीपावली पर्व के मद्देनजर जिला सोलन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहार के दौरान आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।


जिला पुलिस के अनुसार, सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, आवश्यकता के अनुसार नाकाबंदी करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
त्योहारी सीजन में बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और अनधिकृत पार्किंग से बचने की अपील की है।
वहीं, पटाखा विक्रेताओं को जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं अधिकृत स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री करने तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगजनी और अन्य अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।
जिला सोलन पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे दीपावली के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।








