/नालागढ़ रामशहर रोड पर लकड़ डिपो के पास हुई फायरिंग,में मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू घायल।

नालागढ़ रामशहर रोड पर लकड़ डिपो के पास हुई फायरिंग,में मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू घायल।

आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें गठित एसपी बद्दी ने घटनास्थल का किया दौरा

नालागढ़ 10 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।

नालागढ़ में फायरिंग की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को रामशहर रोड स्थित लकड़ डिपो के पास एक व्यक्ति पर गोलियां चलाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस घटना में वार्ड नंबर-7 निवासी मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नालागढ़ पहुंचाया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जोगिंद्र सिंह निवासी गांव पन्नर की शिकायत पर पुलिस थाना नालागढ़ में साहिल पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी नालागढ़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 व 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी साहिल ने मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू पर गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश जारी है।
लगातार फायरिंग की घटनाओं से बढ़ रही चिंता
नालागढ़ क्षेत्र में लगातार सामने आ रही गोलीबारी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपी को कितनी शीघ्र गिरफ्तार कर पाती है।