सोलन (अर्की)11 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
कलियुग का प्रभाव कहें या समाज में बढ़ती स्वार्थ और चोरी की प्रवृत्ति, अब चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे श्मशान घाट को भी नहीं छोड़ रहे हैं।
ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला हिमाचल प्रदेश के दूरदराज क्षेत्र बाड़ी धार में सामने आया है।
जानकारी के अनुसार सरयाज पंचायत के चलयवनी श्मशान घाट के निर्माण कार्य के लिए लाए गए लोहे के गार्डर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं।
श्मशान घाट जैसे पवित्र एवं सार्वजनिक स्थल के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की चोरी से क्षेत्र के लोगों में हैरानी और नाराजगी है।
इस मामले को लेकर पंचायत के पूर्व उपप्रधान कमल ठाकुर ने सोशल मीडिया के माध्यम से चोरी करने वालों को चेतावनी दी है। उन्होंने इस तरह की हरकत को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए संबंधित लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया है।
फिलहाल इस मामले की सूचना पुलिस को दिए जाने की जानकारी नहीं है। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि आखिर अब चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए हैं कि श्मशान घाट के निर्माण के लिए रखी सामग्री भी सुरक्षित नहीं रह गई।









