बद्दी पुलिस की कार्रवाई, परिवार को जान से मारने की भी दी थी धमकी; अन्य आरोपियों की तलाश जारी।
बीबीएन (बरोटीवाला) 12नवम्बर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन के हिम लैंड सिटी मार्केट, बरोटीवाला में एक दुकानदार से 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने और रकम न देने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में बद्दी पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस थाना बरोटीवाला में इस संबंध में 3 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंकज उर्फ गुल्लू निवासी कलरांवाली को 5 नवंबर तथा संजीव कुमार उर्फ सैंटी निवासी कैम्बावाला को 10 नवंबर को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपी तहसील बद्दी के मंडाला क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अभिषेक निवासी दसौरामाजरा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उससे फोन पर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी।

रकम न देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। शिकायत में बताया गया कि दो युवक मुंह बांधकर उसकी दुकान पर पहुंचे थे।
उनके पास पिस्तौल थी और उन्होंने शिकायतकर्ता के बारे में पूछताछ करते हुए फोन के माध्यम से फिरौती की मांग की तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जिन अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आएगी, उन्हें भी गिरफ्तार कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






