/नालागढ़ फायरिंग की तीन वारदातों को सुलझाने वाली पुलिस टीम सम्मानित।

नालागढ़ फायरिंग की तीन वारदातों को सुलझाने वाली पुलिस टीम सम्मानित।

बद्दी, 13 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

नालागढ़ क्षेत्र में फायरिंग की तीन वारदातों को सुलझाने और चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाने वाली बद्दी पुलिस की टीम को पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने सम्मानित किया।

पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए क्लास-III प्रशस्ति प्रमाण पत्र (C.C. Class-III) तथा नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।


इन मामलों की जांच एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना नालागढ़, CCTV सेल और स्पेशल सेल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने आपसी समन्वय, कड़ी मेहनत और पेशेवर कार्यकुशलता का परिचय दिया था।

सम्मानित होने वाले पुलिस कर्मचारियों में निरीक्षक राकेश रॉय, उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी प्रवीण, मुख्य आरक्षी जगदीप सिंह, मानद सहायक उप निरीक्षक ओंकार सिंह तथा मानद मुख्य आरक्षी रमेश कुमार सहित CCTV सेल, स्पेशल सेल एवं स्पेशल सेल-X के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

एसपी विनोद धीमान ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस कर्मचारियों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और आपसी तालमेल से गंभीर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

एसपी बद्दी की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग, नशा तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश


इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी के कॉन्फ्रेंस हॉल में एसपी विनोद धीमान की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक बद्दी एवं नालागढ़ सहित सभी थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे, अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों तथा कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी रखने और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को NDPS एक्ट के तहत अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाएगी और बेहतर परिणाम हासिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।