/सोलन में पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा में 323 अभ्यर्थी सफल, 498 अयोग्य घोषित

सोलन में पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा में 323 अभ्यर्थी सफल, 498 अयोग्य घोषित

पीएसटी एवं पीईटी में 822 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 279 रहे अनुपस्थित

सोलन 18 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

जिला सोलन में 17 नवंबर 2026 को आयोजित पुलिस भर्ती की शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी) एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में कुल 323 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए।

परीक्षा के दौरान 498 अभ्यर्थियों को विभिन्न मानकों एवं स्पर्धाओं में अयोग्य घोषित किया गया।

जारी आंकड़ों के अनुसार, शारीरिक परीक्षा के लिए कुल 1101 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 822 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 279 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

उपस्थित अभ्यर्थियों में से 3 को पंजीकरण संबंधी कमियों और 51 को निर्धारित लंबाई पूरी न करने के कारण अयोग्य घोषित किया गया। पुरुष अभ्यर्थियों में छाती के माप को लेकर कोई भी अभ्यर्थी अयोग्य नहीं पाया गया।

स्पर्धाओं के दौरान 100 मीटर दौड़ में 218, हाई जंप में 159, ब्रॉड जंप में 28 तथा 800/1500 मीटर दौड़ में 39 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित हुए। इस प्रकार कुल 498 अभ्यर्थी अयोग्य रहे, जबकि 323 अभ्यर्थियों ने सभी निर्धारित मानक पूरे कर सफलता हासिल की। एक अभ्यर्थी की परीक्षा चोट के कारण लंबित रखी गई।

भर्ती के दौरान प्राप्त सभी पांच शिकायतों का निपटारा किया गया, जबकि एक अपील की समीक्षा कर निर्णय लिया गया। परीक्षा के दौरान चोट अथवा मेडिकल संबंधी एक मामला सामने आया।

इसके अलावा मौसम, उपकरणों की खराबी, गर्मी, अनुचित व्यवहार या अन्य किसी प्रकार की घटना का रिकॉर्ड शून्य रहा।

इस प्रकार उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार परीक्षा प्रक्रिया में कुल 323 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की।