/नालागढ़ में निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं में छाए मेधावी विद्यार्थी

नालागढ़ में निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं में छाए मेधावी विद्यार्थी

दोनों प्रतियोगिताओं से 10-10 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का जिला स्तरीय स्पर्धा के लिए चयन

नालागढ़, 18 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उपमंडल निर्वाचन कार्यालय नालागढ़ की ओर से बुधवार को राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

निर्वाचन साक्षरता क्लब के बैनर तले आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 104 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए निर्वाचन रिटर्निंग अधिकारी की ओर से एक कमेटी गठित की गई थी, जिसमें डॉ. नरेश कुमार, डॉ. दिलीप बाली, अनिता कुमारी और ध्यान सिंह शामिल रहे। प्रतियोगिताओं का आयोजन दो चरणों में किया गया।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मतदान का महत्व’ और ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में निर्वाचन प्रणाली और भारतीय संविधान से जुड़े सवाल पूछे गए, जिनका प्रतिभागियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया।

दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10-10 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। इस प्रकार कुल 20 मेधावी छात्र-छात्राएं आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए तैयार किए जाएंगे।

निर्वाचन साक्षरता क्लब के समन्वयक गोपी चंद डोगरा ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों की वैचारिक एवं बौद्धिक क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक बनाती हैं। इससे युवा भविष्य में जिम्मेदार मतदाता के रूप में अपनी भूमिका बेहतर ढंग से निभा सकेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उपमंडल प्रशासन नालागढ़ और राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के प्राचार्य डॉ. ललित कुमार गुलेरिया ने चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।