/गणपतिपुले में 22 से 25 दिसंबर तक होगा अंतरराष्ट्रीय सहज योग सेमिनार एवं क्रिसमस पूजा

गणपतिपुले में 22 से 25 दिसंबर तक होगा अंतरराष्ट्रीय सहज योग सेमिनार एवं क्रिसमस पूजा

महाराष्ट्र भ्रमण और संगीत, वाद्य यंत्र एवं नृत्य कार्यशाला का भी होगा आयोजन

मुंबई 22 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

सहज योग के संस्थापक परम पूज्य श्री माताजी निर्मला देवी की दिव्य कृपा एवं आशीर्वाद से महाराष्ट्र के मालगुंड-गणपतिपुले स्थित निर्मला नगरी में 22 से 25 दिसंबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय सहज योग सेमिनार एवं क्रिसमस पूजा का आयोजन किया जाएगा। क्रिसमस पूजा 25 दिसंबर को होगी।

लाइफ इटरनल ट्रस्ट, मुंबई के ट्रस्टियों की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत सहित विश्व के विभिन्न देशों से सहज योगी भाई-बहनों के शामिल होने की उम्मीद है। सेमिनार के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो चुका है।

सेमिनार से पहले 16 से 21 दिसंबर 2026 तक महाराष्ट्र भ्रमण का आयोजन भी किया जाएगा। यह यात्रा 16 दिसंबर की सुबह नवी मुंबई के सीबीडी बेलापुर स्थित इंटरनेशनल सहज योग रिसर्च एंड हेल्थ सेंटर से शुरू होकर 21 दिसंबर को गणपतिपुले की निर्मला नगरी में संपन्न होगी

इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। इनमें अष्टविनायक मंदिरों के पाली, महाड और थेऊर सहित देहू स्थित संत तुकाराम मंदिर, आलंदी में संत ज्ञानेश्वर समाधि, पंढरपुर का श्री विट्ठल-रुक्मिणी मंदिर, तुलजापुर का श्री भवानी मंदिर तथा कोल्हापुर का श्री महालक्ष्मी मंदिर प्रमुख हैं।

वैतरना में तीन दिवसीय कार्यशाला

इसके अतिरिक्त 1 से 3 जनवरी 2027 तक श्री पी.के. साल्वे कला प्रतिष्ठान (वैतरना अकादमी) में गायन, वाद्य यंत्र एवं नृत्य पर तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

यह संस्थान परम पूज्य श्री माताजी निर्मला देवी द्वारा स्थापित एवं उद्घाटित किया गया था। इस कार्यशाला में विश्वभर के सहज योगी भाई-बहनों को आमंत्रित किया गया है।

आयोजकों ने देश-विदेश के सभी सहज योगियों से इन आध्यात्मिक आयोजनों में भाग लेकर आत्मिक उन्नति के इस अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया है। साथ ही आयोजन संबंधी सूचना एवं परिपत्र को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है।

ऑनलाइन पंजीकरण एवं जानकारी:

गणपतिपुले सेमिनार: https://www.sahajayogamumbai.org/gpseminar/