नालागढ़ में औद्योगिक इकाइयों का विरोध और राजनीतिक खींचतान विकास में बन रही बाधा।
नालागढ़ 25 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक विकास की दृष्टि से नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की तुलना में दून विधानसभा क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ता नजर आ रहा है। एक ओर दून क्षेत्र में औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचे के विस्तार की दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नालागढ़ में औद्योगिकरण को लेकर विरोध के स्वर लगातार मुखर होते जा रहे हैं।
ऐसे में दोनों विधानसभा क्षेत्रों के विकास की गति को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
नालागढ़ में उद्योगों की संख्या और औद्योगिक गतिविधियों की संभावनाओं के मुकाबले औद्योगिक इकाइयों के विरोध की घटनाएं अधिक चर्चा में रहती हैं।
आरोप है कि स्थानीय स्तर पर राजनीतिक विरोध और असहमति के चलते केंद्र सरकार की मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी अपेक्षित गति नहीं पकड़ पाईं,जबकि उना के हरोली में ड्रग पार्क लगभग बन कर तैयार भी हो गया,जिसका न सरकार ने विरोध किया और न ही स्थानीय विधायक और लोगों ने ।
वहीं, नालागढ़ विधान सभा क्षेत्र में कोई नई औद्योगिक इकाई स्थापित होने की स्थिति में भी राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध शुरू हो जाता है। इससे क्षेत्र में नए निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इसके विपरीत दून विधानसभा क्षेत्र में विधायक रामकुमार चौधरी के विकासात्मक दृष्टिकोण और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों के चलते क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होने की चर्चा है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि बद्दी क्षेत्र का लगातार विस्तार और बढ़ती गतिविधियां इसे भविष्य में जिला मुख्यालय का दर्जा मिलने की दिशा में भीआगे बढ़ा रही हैं।
नालागढ़ के राजनीतिक हालात पर नजर रखने वाले लोगों का कहना है कि स्थानीय विधायक मिलनसार हैं और आम लोगों के कार्यों के प्रति सकारात्मक रुख रखते हैं, लेकिन क्षेत्रीय राजनीति और सलाहकारों के प्रभाव के चलते उनकी विकास संबंधी प्राथमिकताएं प्रभावित हो रही हैं।
लोगों के बीच यह चर्चा भी आम है कि विधायक की टीम में शामिल कुछ सलाहकार विकास की गति तेज करने के बजाय ऐसे फैसलों और दिशा-निर्देशों को बढ़ावा दे रहे हैं, जिनसे नालागढ़ दून की तुलना में पिछड़ता दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि नालागढ़ को राजनीतिक खींचतान से ऊपर उठकर औद्योगिक निवेश, रोजगार, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर ध्यान देने की जरूरत है।
यदि समय रहते विकास को लेकर स्पष्ट और सकारात्मक रणनीति नहीं बनाई गई, तो इसका खामियाजा क्षेत्र को आने वाले वर्षों में भुगतना पड़ सकता है।
अब सवाल यह है कि नालागढ़ की राजनीतिक नेतृत्व व्यवस्था क्षेत्र के औद्योगिक भविष्य को प्राथमिकता देगी या राजनीतिक सलाह और आपसी खींचतान विकास की राह में बाधा बनी ही रहेगी?










