/प्राकृतिक खेती से किसान ज्ञान चंद ने उगाई डेढ़ से दो क्विंटल हल्दी।

प्राकृतिक खेती से किसान ज्ञान चंद ने उगाई डेढ़ से दो क्विंटल हल्दी।


10 बिस्वा जमीन में 5 किलो बीज लगाकर हासिल की शानदार पैदावार।

सोलन (रामशहर) 26 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

प्रदेश सरकार जहां किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने और हल्दी जैसी नकदी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है, वहीं नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोली सुना-बड़खोया के प्रगतिशील किसान ज्ञान चंद ने अपने खेतों में हल्दी की सफल खेती कर एक मिसाल पेश की है।

ज्ञान चंद ने बताया कि उन्होंने सिरमौर से 350 रुपये प्रति किलो के हिसाब से 5 किलो हल्दी का बीज खरीदा था।

इसे उन्होंने अपने करीब 10 बिस्वा खेत में लगाया, जिससे उन्हें लगभग डेढ़ से दो क्विंटल हल्दी की पैदावार प्राप्त हुई है।

उनके खेत में हल्दी की बड़ी-बड़ी गांठें तैयार हुई हैं, जिनका वजन सवा किलो से डेढ़ किलो तक बताया जा रहा है।

ज्ञान चंद ने बताया कि वह अपने गांव के किसानों को हल्दी का बीज मुफ्त में उपलब्ध करवा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान इस खेती को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकें।

उन्होंने कहा कि गांव से बाहर भी कोई किसान हल्दी की खेती करना चाहता है तो उसे एक किलो बीज मुफ्त दिया जाएगा। इससे अधिक मात्रा में बीज लेने पर 125 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सब्जी मंडी में हल्दी का भाव करीब 120 रुपये प्रति किलो चल रहा है।
किसान ज्ञान चंद के अनुसार हल्दी की फसल लगभग सात महीने में तैयार हो जाती है।

इसकी बुआई के लिए जून माह का मध्य से अंतिम सप्ताह उपयुक्त रहता है और नवंबर से जनवरी के बीच फसल तैयार होकर निकाली जा सकती है। उन्होंने हल्दी को उपयोगी फसल बताते हुए कहा कि इसे भोजन और सलाद में भी शामिल किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि हल्दी के अलावा उन्होंने अपने खेतों में अदरक, पहाड़ी साग सहित कई अन्य नकदी फसलें भी उगा रखी हैं।

करीब डेढ़ बीघा भूमि में लगाई गई अदरक की फसल से उन्हें 13 से 15 क्विंटल तक उत्पादन मिलने की उम्मीद है।

ज्ञान चंद का कहना है कि प्राकृतिक खेती और पारंपरिक फसलों के बेहतर विकल्प अपनाकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उनका प्रयास है कि क्षेत्र के अन्य किसान भी हल्दी और अदरक जैसी फसलों की खेती के प्रति जागरूक हों और कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल कर सकें।