बीबीएन क्षेत्र में प्रति विद्युत उपभोक्ता से वसूला जा रहा है 50 रुपए स्वच्छता शुल्क ।
नालागढ़ 31 जुलाई
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा।
बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण (बीबीएनडीए) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम बद्दी की आयुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर की अध्यक्षता में आज बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र और सम्बन्धित विभिन्न ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण एवं उपयोगकर्ता शुल्क के प्रभावी क्रियान्वयन के सम्बन्ध में एक बैठक आयोजित की गई।
मिली जानकारी के मुताबिक इस अवसर पर सोनाक्षी सिंह तोमर ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश विद्युत बोर्ड के माध्यम से बीबीएन क्षेत्र में प्रति उपभोक्ता 50 रुपए स्वच्छता शुल्क के रूप में वसूल किया जा रहा है। इसमें से 45 रुपए की राशि साझेदारों को हस्तांतरित होती है।

उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड के साथ नियमित समन्वय स्थापित किया जा रहा है ताकि यह राशि सतत प्राप्त होती रहे और स्वच्छता मिशन के लक्ष्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि नालागढ़ और पट्टा विकास खण्डों की एक-एक ग्राम पंचायत को पायलट परियोजना के रूप में चयनित कर इन क्षेत्रों से स्वच्छता शुल्क को समुचित वसूला जा सके।
उन्होंने कहा कि चयनित ग्राम पंचायतों को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा और यह सुनिश्चित बनाया जाएगा कि पायलट परियोजना के अनुरूप इस प्रणाली को अन्य क्षेत्रों में भी प्रभावी रूप से लागू किया जा सके। उन्होंने कहा कि पायलट परियोजना के लिए चिन्हित ग्राम पंचायतों में अपशिष्ट एकत्र करने वाली कंपनी द्वारा घर-घर से कूड़ा संग्रहण का कार्य नियमित सुनिश्चित बनाया जाएगा।
पायलट परियोजना के आधार पर अन्य सभी क्षेत्रों में सफलता सुनिश्चित की जाएगी।
सोनाक्षी सिंह तोमर ने नगर परिषद परवाणू के कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि परवाणू नगर परिषद परिधि में आने वाले आवास, आवासीय एवं व्यवसायिक परिसर, औद्योगिक परिसर इत्यादि का अद्यतन डाटा शीघ्र उपलब्ध करवाएं ताकि इस परियोजना को समूचे क्षेत्र में सफलता के साथ लागू किया जा सके।
सोनाक्षी सिंह तोमर ने लोगों से आग्रह किया कि वह खुले में कचरा न फैकें और निर्धारित स्वच्छता शुल्क समय पर जमा करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सभी की सहभागिता अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही बीबीएन क्षेत्र के लोगों को एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिसमें वह अपने क्षेत्र में कचरे के डंपिंग स्थलों की वीडियो साझा कर सकेंगे एवं सफाई से संबंधित सुझाव भी दे पाएंगे।
सोनाक्षी सिंह तोमर ने कहा कि यदि किसी स्थान पर लंबे समय से कचरे का निष्पादन नहीं हुआ है, तो लोग नगर निगम बद्दी या बीबीएनडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त लोग संबंधित खंड विकास अधिकारी को भी सूचित कर सकते हैं ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए ग्राम पंचायतों और नगर निकायों की सहभागिता सुनिश्चित बनाने तथा शुल्क से एकत्रित राशि के उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी प्रिया नागटा, खण्ड विकास अधिकारी नालागढ़ नियोन धैर्य शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप कुमार, नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी परवाणू संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।








